जैसा की आप सब जानते है की आए दिन कुछ न कुछ खबर देखने को मिलती है, एसे ही सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है की यहाँ अवैध शराब बेचने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम को स्थानीय युवकों के कड़े विरोध और बदसलूकी का सामना करना पड़ा।
जैसे ही आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली वो तुरंत ही उस क्षेत्र मे पहुंची जिसके बाद आरोपियों ने न सिर्फ सरकारी काम में बाधा डाली, बल्कि आबकारी कर्मचारियों को धमकाया भी। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
गुप्त सूचना पर जमुना गांव में आबकारी की दबिश
बताया जा रहा है की ये पूरा मामला 11 सितंबर की शाम का है। आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जमुना में लवकुश सिंह नाम का व्यक्ति अपने ठिकाने से अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार चला रहा है। इस सूचना की पुष्टि होने के बाद आबकारी Sub-Inspector सुदर्शन विक्रमादित्य पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई और शाम करीब 6 बजे टीम ने लवकुश सिंह के घर पर अचानक छापा मारा।
तलाशी में मिली 48 पाव देशी शराब
आबकारी अधिकारियों ने जब लवकुश सिंह के परिसर की गहन तलाशी ली, तो वहां से एक खाकी रंग का कार्टन (गत्ता) बरामद हुआ। जब इस कार्टन को खोलकर देखा गया तो उसमें 48 पाव देशी शराब भरी हुई मिली। शराब मिलते ही आबकारी टीम ने जब्ती की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई का विरोध, कर्मचारियों से मारपीट और धमकी
जैसे ही आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर पंचनामा बनाना शुरू किया, तब लवकुश सिंह अपने साथी हरिओम सिंह और मूरत साकेत के साथ मिलकर कार्रवाई का हिंसक विरोध करने लगा। तीनों आरोपियों ने आबकारी अधिकारियों के साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज शुरू कर दी।
उन्होंने टीम को आगे की कार्रवाई करने से रोका और सरकारी काम में सीधी रुकावट डाली। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने आबकारी कर्मियों के साथ हाथापाई और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा इस इलाके में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने आए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
वायरल वीडियो: ‘उठाओ लाठी, बहुत हो गया’
रिपोर्ट के मुताबिक घटना स्थल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आबकारी टीम और लवकुश सिंह के बीच तीखी बहस होती दिख रही है। लवकुश शराब बेचने की बात से साफ इनकार करता नजर आता है। जब आबकारी टीम उसकी दुकान के पास पड़े कचरे के डिब्बे में शराब की खाली बोतलें दिखाती है, तो लवकुश कहता है कि लोग बाहर बैठकर शराब पी जाते हैं, वह खुद शराब नहीं बेचता।
वीडियो में बहस के दौरान वह अधिकारियों से कहता है कि अवैध शराब पकड़नी है तो मैं ले चलता हूँ। जब टीम उसकी बात पर ध्यान न देकर अपनी कानूनी कार्रवाई करती है, तो वह भड़क जाता है और अपने साथियों से कहता है, उठाओ लाठी बहुत हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो यहीं पर रुक जाता है और इसके बाद की घटना कैमरे में साफ नजर नहीं आ रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
आबकारी सब-इंस्पेक्टर सुदर्शन विक्रमादित्य पाण्डेय की लिखित शिकायत के आधार पर रामपुर बघेलान थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों लवकुश सिंह पटेल, हरिओम सिंह और मूरत साकेत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता ( BNS ) की धारा 296(क), 132 ( सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा व हमला ), 351 ( जान से मारने की धमकी ), 324और 3 के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल रामपुर बघेलान पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।