सतना के गांधी सब्जी बाजार में मंडी समिति ने छापेमारी के दौरान बिना मंडी लाइसेंस के कारोबार करने का मामला आया सामने, प्रयागराज के लिए जारी पास से सतना में किया जा रहा था लहसुन का व्यापार।
मंडी के नियमों का किया गया उल्लंघन
कृषि उपज मंडी के नियमों का उल्लंघन कर कारोबार करने वाले व्यापारियों के खिलाफ मंडी बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। सतना के डेलौरा स्थित गांधी सब्जी बाजार में मंडी बोर्ड की टीम ने छापेमारी कर करीब 13 लाख रुपये कीमत का 83 क्विंटल लहसुन जब्त किया है। जांच के दौरान दो व्यापारी बिना वैध मंडी लाइसेंस के कारोबार और माल का भंडारण करते पाए गए। वहीं, एक अन्य दुकान बंद मिलने पर उसे सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंडी बोर्ड की टीम ने गांधी सब्जी बाजार में कामना ट्रेडर्स और चंदन ट्रेडर्स की दुकानों पर जांच की। इस दौरान कामना ट्रेडर्स के संचालक आनंद कुमार कुशवाहा की दुकान से 4,800 किलोग्राम लहसुन बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 53 हजार रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि दुकान संचालक के पास मंडी का वैध लाइसेंस नहीं था।
जांच के दौरान व्यापारी ने सीहोर मंडी का एक पास प्रस्तुत किया, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के लिए जारी किया गया था। हालांकि, दस्तावेजों में प्रयागराज ले जाने के लिए दर्शाया गया लहसुन सतना में ही रखा गया था और उसका व्यापार किया जा रहा था। मंडी अधिकारियों ने इसे मंडी नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
इसी तरह चंदन ट्रेडर्स के संचालक चंदन कछवाहा की दुकान से 3,500 किलोग्राम लहसुन जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 49 हजार रुपये बताई गई है। जांच में यहां भी बिना मंडी लाइसेंस के साधारण बिल के आधार पर कारोबार किए जाने की जानकारी सामने आई।
दुकान को किया गया सील
कार्रवाई के दौरान टीम को एक तीसरी दुकान बंद मिली, जिसके बाद प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया। मंडी प्रशासन ने बताया कि दोनों व्यापारियों के खिलाफ सतना न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, अपने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले मंडी निरीक्षकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
यह पूरी कार्रवाई एसडीएम राहुल सिलाडिया के मार्गदर्शन में मंडी सचिव करुणेश तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा की गई। मंडी बोर्ड की इस कार्रवाई से नियमों को दरकिनार कर कारोबार करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
